बाबा साहेब के सपनों का भारत बना रही कांग्रेस : गौतम

बाबा साहेब के सपनों का भारत बना रही कांग्रेस : गौतम



देहरादून। उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की अध्यक्षता में शनिवार को हरिद्वार रोड स्थित एक हाल में आयोजित कार्यक्रम में नानकचंद ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित विभाग में राष्ट्रीय संयोजक का कार्यभार संभाला, इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने भी शिरकत की।

इस अवसर पर हरीश रावत ने कहा कि आज का दिन उत्तराखंड कांग्रेस परिवार के लिए गर्व और सम्मान का दिन है। हमारे वरिष्ठ एवं समर्पित साथी नानक चंद को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की और से अनुसूचित जाति विभाग का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया जाना पूरे उत्तराखंड के लिए सम्मान की बात है। मुख्य अतिथि राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों की पक्षधर रही है। बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने का कार्य कांग्रेस निरंतर करती रही है।

संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया ने राजेंद्र पाल गौतम का उत्तराखंड आगमन पर स्वागत किया। नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक नानकचंद ने कहा कि वे अनुसूचित जाति समाज की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस की सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को बताते हुए कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस सामाजिक न्याय, दलित सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करती रहेगी।

इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि आज का यह समारोह केवल पदभार ग्रहण नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के संघर्ष को और तेज करने का संकल्प है। इस दौरान धर्मपुर विधानसभा के वार्ड नंबर 73 के निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी सतेंद्र वर्मा ने कांग्रेस परिवार का दामन थामा। कार्यक्रम का संचालन सीपी सिंह ने किया।
कार्यक्रम में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मदन लाल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुलेमान अंसारी, संजय शर्मा, मोहन काला, दर्शन लाल, पीयूष गौड़, राव नसीम, डिंपल सिंह, रेहाना परवीन व अमन सिंह मौजूद रहे।







Congress,Harish Rawat,Rajendra Pal Gautam