- प्रोग्रेसिव कम्युनिटी ने प्रतिभाओं का किया अभिनंदन
- शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का साधन भी है
देहरादून। प्रोग्रेसिव कम्युनिटी देहरादून की ओर से संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 250 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षा, साहित्य, कानून, पत्रकारिता, चिकित्सा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 26 हस्तियों को विभिन्न सम्मान और पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी डॉ. सरफराज हुसैन ने की, जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता वैभव वालिया मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोग्रेसिव कम्युनिटी के संरक्षक डॉ. रियाजुल हसन सिद्दीकी ने किया। मुख्य अतिथि वैभव वालिया ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सरफराज हुसैन ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का साधन भी है।
विशिष्ट वक्ता डॉ. अफरोज इकबाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा और रोजगार से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी दी।
इन हस्तियों को मिला सम्मान
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद सलीम सैफी को मौलवी बाकर अवार्ड से सम्मानित किया गया। जस्टिस आगा हैदर अवार्ड एडवोकेट अनस अली, एडवोकेट मूसा खान, एडवोकेट फरजान उल्लाह उस्मानी, एडवोकेट मोहम्मद सुहेब और एडवोकेट उमर मलिक को प्रदान किया गया।
सर सैयद अवार्ड नूर इलाही, डॉ. रहमान खान, डॉ. सुधीर पवार और अरीब खालिद फारूकी को दिया गया। वहीं डॉ. जाकिर हुसैन अवार्ड इंजीनियर शमीम अहमद अंसारी, मोहम्मद इकराम अंसारी और डॉ. एम.एस. अंसारी को प्रदान किया गया। हकीम अजमल खान अवार्ड हकीम इशरत फारूकी को मिला। साहित्य के क्षेत्र में सैयद जियाउल हसन जैदी को दाग देहलवी अवार्ड तथा खुर्शीद अली खान को मिर्ज़ा गालिब अवार्ड से सम्मानित किया गया।
मेधावी छात्रों का भी हुआ सम्मान
शैक्षिक उपलब्धियों के लिए जुनैरा हाशमी और उबैद उल्लाह काज़मी को बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड प्रदान किया गया। सैयद इबाद हसन और अशरफ जमाल कुरैशी को बेस्ट एलएलबी स्टूडेंट अवार्ड मिला। अलीगढ़ मुस्लिम विवि से अंग्रेजी साहित्य में पीएचडी प्राप्त करने वाली अदीबा सिद्दीकी को एकेडमिक एक्सीलेंस एंड रिसर्च अचीवमेंट ऑनर दिया गया। वहीं अमानुल्लाह उस्मानी को जर्नलिज्म करियर कमेंसमेंट ऑनर और उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ अमजद उस्मानी को कैप्टन ज़फर इकबाल अवार्ड से सम्मानित किया गया।
Related
Dr Jamsed Usmani,Progressive Community,Social Workers






