सीएम धामी ने किया चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण

सीएम धामी ने किया चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण

ऋषिकेश। बुधवार सुबह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश स्थित चार धाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री धामी ने ट्रांजिट कैंप में मौजूद देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी यात्रा संबंधी समस्याओं और अनुभवों की जानकारी ली। साथ ही चारधामों के दर्शन कर लौटे यात्रियों से सुरक्षा, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अचानक ट्रांजिट कैंप पहुंचने से वहां मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की, जबकि कुछ ने अपने सुझाव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने यात्रियों की बातों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार चार धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा वर्तमान में सुचारू रूप से संचालित हो रही है और सरकार का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से लगातार निगरानी बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सतर्क रहने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान और आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है। लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से देवभूमि पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि इतनी विशाल यात्रा को व्यवस्थित ढंग से संचालित करना एक बड़ी चुनौती है, लेकिन राज्य सरकार ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए सभी विभागों के समन्वय से व्यवस्थाओं को मजबूत बनाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से चार धाम यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न होगी तथा यात्रियों को बेहतर अनुभव प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर राज्य की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाएगा। चारधाम यात्रा के चरम सीजन के बीच मुख्यमंत्री के इस औचक निरीक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं धरातल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने से संबंधित विभागों की जवाबदेही बढ़ेगी और यात्रा प्रबंधन में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा। स्थानीय प्रशासन और यात्रा से जुड़े विभागों को भी मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।


Chardham Yatra,Chardham Yatra Transit Camp,CM Dhami,Pushkar Singh Dhami,surprise inspection