बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर : भंडारी
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को बूथ स्तर तक अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों की नई कार्यकारिणियों की घोषणा कर दी है। पार्टी के अनुसार यह घोषणा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्राप्त अनुमोदन के बाद की गई है।
घोषित कार्यकारिणियों में संगठनात्मक जिला पुरोला, उत्तरकाशी, चमोली, कोटद्वार ग्रामीण, कोटद्वार महानगर, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, देवप्रयाग, हरिद्वार महानगर, हरिद्वार ग्रामीण, रुड़की महानगर, रुड़की ग्रामीण, देहरादून महानगर, पछुवादून, रुद्रपुर महानगर, काशीपुर महानगर, ऊधमसिंहनगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, डीडीहाट और चंपावत सहित कई जिलों एवं महानगरों की कार्यकारिणियां शामिल हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी पदाधिकारियों से संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने तथा अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई है। प्रदेश महामंत्री (संगठन/प्रशासन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि शेष जिलों की कार्यकारिणियों की घोषणा भी जल्द की जाएगी।
Related
city executive committees,Committees,Congress






