सीएम धामी ने किया खटीमा में 89 लाख रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में 89 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाकर युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी” का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 7.50 लाख रुपये की लागत से आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन तथा 26.50 लाख रुपये की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का भी उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी सुविधाएं विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगी तथा क्षेत्र में शिक्षा और विकास की नई संभावनाओं को गति देंगी।
खटीमा में लगभग ₹89 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसुविधाओं को नई दिशा देने वाली विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। ये सभी सुविधाएं क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी तथा शिक्षा विकास की नई संभावनाओं को गति… pic.twitter.com/lxj7wR9kVv
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) May 25, 2026
उन्होंने कहा कि खटीमा में स्थापित “दीदी की लाइब्रेरी” विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पुस्तकालय छात्रों को शांत और अनुकूल अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने लक्ष्य के अनुरूप बेहतर तैयारी कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते थे।
नई लाइब्रेरी ऐसे विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि यहां उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन सामग्री से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और अन्य प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तकालय केवल किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में “दीदी की लाइब्रेरी” का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने व्यायामशाला भवन के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों और बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में फिट इंडिया मूवमेंट और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए खेल एवं फिटनेस सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनका गृह क्षेत्र होने के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का भी केंद्र है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शासनी, एडीएम कौस्तुभ मिश्र, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, डीडीओ सुशील मोहन डोभाल समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Related
CM Dhami,Didi ki Library,Pushkar Singh Dhami






