- प्रदेश के हर ब्लॉक से जिला स्तर तक आंदोलन की तैयारी
- दून में चार्जशीट कमेटी की बैठक हुई आयोजित
देहरादून। प्रदेश सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और विफलताओं को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में चार्जशीट कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सरकार के खिलाफ व्यापक आरोप पत्र तैयार करने की रणनीति पर मंथन किया गया।
बैठक के बाद करण माहरा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था और विकास समेत तमाम मोर्चों पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि खनन, भूमि संबंधी मामलों और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर भी जनता में नाराजगी है। कांग्रेस इन मुद्दों को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखेगी।
उन्होंने कहा कि ’बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं की सुरक्षा और भू-कानून’ जैसे मुद्दों को चार्जशीट में प्रमुखता दी जाएगी। इसके साथ ही सरकार के कार्यकाल में सामने आए कथित घोटालों और प्रशासनिक अनियमितताओं से संबंधित तथ्यों को भी एकत्र किया जा रहा है।
चार्जशीट को लेकर गावं-गावं जाएगी कांग्रेस
बैठक में तय किया गया कि चार्जशीट तैयार होने के बाद इसे केवल पार्टी मंच तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि कांग्रेस इसे जनता के बीच लेकर जाएगी। इसके लिए ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक आंदोलन और जनजागरूकता अभियान चलाने की रणनीति तैयार की गई। करण माहरा ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की कथित नाकामियों और जनविरोधी फैसलों को जनता की अदालत में मजबूती से रखा जाएगा। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, डॉ. प्रेम बाखुंडी, डॉ. प्रतिमा सिंह, अमरजीत सिंह समेत चार्जशीट कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
Related
charge sheet,Congress,government failures













