भीषण अग्निकांड में छह भवन सहित अन्न भंडार जलकर राख

भीषण अग्निकांड में छह भवन सहित अन्न भंडार जलकर राख



उत्तरकाशी। सोमवार देर रात मोरी विकासखंड के फिताड़ी गांव में हुए भीषण अग्निकांड में छह आवासीय भवन व छह अन्न भंडार जलकर खाक हो गए। सूचना मिलने  पर दमकल टीम व  पुलिस, राजस्व विभाग व एसडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। किन्तु तब तक मकानों में रखा सामान जलकर खाक हो चुका था। इस अग्निकांड में तीन पशुओं की भी जलने से मौत हो गई।

आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, मोरी बाजार से करीब 35 किमी दूर पंचगांई पट्टी के फिताड़ी गांव में सोमवार रात करीब 12.30 बजे एक आवासीय मकान में सबसे पहले आग भड़की।इस आग ने धीरे-धीरे आसपास के अन्य भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सावणी गांव के प्रधान सुरेंद्र सिंह रावत ने फोन से सबसे पहले अग्निकांड की सूचना दी।

वहीं, क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी रात को ही प्रशासन को घटना की सूचना दी। साथ ही स्वयं भी एसडीआरएफ टीम के साथ घटनास्थल फिताड़ी के लिए रवाना हुए। सूचना पर एसडीआरएफ, पुलिस बल और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी टीमों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

लेकिन आग इतनी विकराल थी कि मध्यरात्रि में लगी आग पर तड़के चार-पांच बजे बाद ही काबू पाया जा सका। अग्निकांड की चपेट में आए छह में से चार आवासीय मकान करीब पांच मंजिला थे, जिसमें 8 परिवार रहते थे। इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन तीन गायों की आग की चपेट में आकर जिंदा जलने से मौत हो गई।