Home Uttarakhand Dehradun गृह मंत्री जुम्मे की छुट्टी का प्रमाण दें, राजनीति छोड़ दूंगाः हरदा

गृह मंत्री जुम्मे की छुट्टी का प्रमाण दें, राजनीति छोड़ दूंगाः हरदा

गृह मंत्री जुम्मे की छुट्टी का प्रमाण दें, राजनीति छोड़ दूंगाः हरदा

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे के दौरान कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने तीखा पलटवार किया है। अमित शाह ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और उत्तराखंड में शुक्रवार की नमाज के लिए छुट्टी का प्रस्ताव लाने का आरोप लगाया था। इस पर हरीश रावत ने चुनौती देते हुए कहा कि अमित शाह जुम्मे की छुट्टी या किसी भी घोटाले का प्रमाण दे दें, वह राजनीति छोड़ देंगे।

हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, ‘थैंक्यू, अमित शाह जी। आपने अपने संबोधन में मुझको संदर्भित कर कुछ झूठ बोला। मैं इसे झूठ इसलिए कह रहा हूँ, केवल इसलिए नहीं कि जो आपने कहा उसमें कोई तथ्य नहीं है, बल्कि इसलिए भी कह रहा हूँ कि जो आपकी बात सामने सुन रहे थे, उन लोगों ने भी आपके झूठ का ताली बजाकर समर्थन नहीं किया। इसका स्पष्ट अर्थ है कि आपकी पार्टी के लोग भी यह मानकर चल रहे हैं। बल्कि आपकी पार्टी के लोगों ने भी यह माना कि जो कुछ अमित शाह कह रहे हैं वह झूठ है और उसका जनमानस पर यही असर है।

आपने कहा कि सचिवालय कमीशन का अड्डा बन गया। आज तो बिल्कुल जो भी सचिवालय में जा रहा है, उसका काम सेवा-भाव से हो रहा है। आपके मंत्री भी सेवा-भाव से ही काम कर रहे हैं, इसीलिए एक मंत्री के पति ने कहा है कि उनके पास 210 करोड़ रुपए की संपत्ति है और स्वयं पति ने कहा कि जब मेरे पास आई थी तो उस समय केवल साड़ी और चप्पल इनके पास थे, बाकी कुछ नहीं। एक मंत्री के ऊपर आय से अधिक संपत्ति का मामला हाईकोर्ट में आया और हाईकोर्ट ने सीबीआई की जाँच बिठाने का आदेश कर दिया, जिसकी अनुमति आपकी सरकार नहीं दे रही है।

यदि घोटालों की चर्चा करने लगूँगा, तो भाजपा के तो हर कार्यालय में घोटाला है। मैं चुनौती देकर कह रहा हूं अमित शाह, गृह मंत्री, भारत सरकार, आप इनमें से एक घोटाले को सिद्ध कर दीजिए, कोई प्रमाण दे दीजिए। यहाँ तक कि जुम्मे की छुट्टी का भी आप प्रमाण दे दीजिए, मैं राजनीति छोड़ दूंगा और राज्य और देश के लोगों से माफ़ी माँगूँगा। आप एक भी कोई प्रमाण दें।

हरदा ने कहा कि, बाकी रहा शराब, और स्टिंग, तो अमित शाह, यह आपने और आपके लोगों ने करवाया है। सबको मालूम है कि कैलाश विजयवर्गीय जो आज मध्य प्रदेश में मंत्री हैं, उनको यही काम सौंपा है और उनके सानिध्य में ही ये सारे स्टिंग ऑपरेशन हुए हैं। आप और आपकी सरकार स्टिंग-बाज़ रखते हैं अपने पास। शायद आपकी व्यवस्था चलाने के लिए जन-कल्याणकारी नीतियाँ काफ़ी नहीं होती हैं, इसलिए अमित शाह, आप स्टिंग-बाज़ों का सहारा लेते हैं, तो स्टिंग-बाज़ भी आपको मुबारक, स्टिंग-बाज़ी भी आपको मुबारक और यह झूठ भी आपको मुबारक।

Friday holiday,Harda,Harish Rawat