- उत्तराखंड में आंदोलन तेज करने का निर्णय
- मतदाता बचाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने का ऐलान
देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और धांधली के विरोध में कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों ने उत्तराखंड में आंदोलन को व्यापक बनाने का निर्णय लिया है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में गठबंधन के सहयोगी दलों की बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
आज देहरादून में INDIA गठबंधन के सहयोगियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में प्रतिभाग किया। (1/2) pic.twitter.com/wp6JPMBaPI
— Ganesh Godiyal (@UKGaneshGodiyal) October 3, 2026
बैठक में नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों में कथित तौर पर मनमाने ढंग से नाम जोड़ने या हटाने, पात्र मतदाताओं को परेशान किए जाने तथा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों पर चिंता जताई। वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। किसी पात्र नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित करना लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए गंभीर विषय है।
बूथ स्तर तक पहुंचाने का निर्णय
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा कि एसआईआर में कथित अनियमितताओं को जनता के सामने लाया जाएगा। गठबंधन के घटक दल आपसी समन्वय से प्रदेशभर में अभियान चलाएंगे। बैठक में मतदाता बचाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके विरुद्ध लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने पर भी सहमति बनी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता लोकतंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यदि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं तो यह चिंता का विषय है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।
बैठक में इंद्रेश मैखुरी, अतुल सती, अतुल शर्मा, राजेंद्र नेगी, शंकर गोपाल, राजेंद्र पुरोहित, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट सहित इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों, सामाजिक संगठनों और कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
Related
Ganesh godiyal,India Coalition Unites,SIR













