कांग्रेसियों ने खंडूड़ी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की
देहरादून। सेवानिवृत्त मेजर जनरल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
मंगलवार को पूर्व सीएम खंडूड़ी का लंबी बिमारी के बाद निधन हो गया, उनके आवास पर पहुंच कर पूर्व सीएम हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा गया कि खंडूरी का निधन उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सैनिक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में जिस ईमानदारी, अनुशासन और गौरव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी जी के आवास पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल जी व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत जी द्वारा उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
आदरणीय खंडूरी जी का निधन उत्तराखंड के लिए… pic.twitter.com/NRn4cxWqPB— Uttarakhand Congress (@INCUttarakhand) May 19, 2026
हरदा ने बीसी खंडूड़ी की पुत्री और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी व मनीष खंडूड़ी से मिल कर शोक व्यक्त किया और उन्हे ढ़ाढ़स बंधाया। हरीश रावत ने कहा कि खंडूड़ी अपने आप में एक अलग व्यक्तित्व थे। सेना में रहते हुए उन्होंने राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, वहीं राजनीति में भी उन्होंने सादगी और पारदर्शिता की मिसाल कायम की। उनके प्रत्येक कार्यकाल को किसी न किसी जनहितकारी निर्णय और प्रशासनिक दृढ़ता के लिए याद किया जाएगा।
कहा कि खंडूड़ी अजातशत्रु व्यक्तित्व के धनी थे। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सभी दलों में उनके प्रति सम्मान का भाव था। उनसे जुड़ी अनेक स्मृतियां और उनके कार्यशैली के किस्से हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। उत्तराखंड की राजनीति और सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान अविस्मरणीय है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
खंडूड़ी ने हमेशा सादगी और राष्ट्रसेवा की मिसाल पेश कीः प्रीतम सिंह
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल (से.नि.) भुवन चंद्र खंडूड़ी के आवास पहुंचकर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक प्रीतम सिंह ने उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
प्रीतम सिंह ने कहा कि एक सैनिक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने हमेशा अनुशासन, सादगी और राष्ट्रसेवा की मिसाल पेश की। उनका निधन उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिवार को इस असीम क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।
Related
BC Khanduri,Bhuwan Chandra Khanduri,Harish Rawat






