प्रदेश में कानून व लोकतांत्रिक व्यवस्था ध्वस्त : गोदियाल

प्रदेश में कानून व लोकतांत्रिक व्यवस्था ध्वस्त : गोदियाल



देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने वन विभाग के आशारोड़ी रेंज कार्यालय में वन विकास निगम के कर्मचारियों व ननूरखेड़ा में भाजपा विधायक उमेश शर्मा की अगुवाई में प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हुए जानलेवा हमले पर बयान जारी करते हुए कहा कि भाजपा शासन में जिस प्रकार सरकारी कार्यालयों और अधिकारियों व कर्मचारियों पर सरकार प्रायोजित हमले हो रहे हैं उससे प्रदेश की कानून व्यवस्था ही नहीं अपतिु लोकतांत्रिक व्यवस्था भी ध्वस्त होती नजर आ रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में भू-माफिया, शराब माफिया और खनन माफिया हावी हो चुके हैं तथा इन सभी को सरकार का पूरा संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि आज राज्य में माफियाओं, असामाजिक तत्वों तथा अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है। राज्य की राजधानी देहरादून में सरेआम पुलिस की नाक के नीचे हत्यायें हो रही हैं तथा भाजपा विधायक के नेतृत्व में अपराधी तत्व और गैगस्टर सरकारी कार्यालयों में पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मारपीट कर रहे हैं यह राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।

गोदियाल ने देहरादून में आशारोडी में वन विभाग के कर्मियों तथा प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक पर भाजपा विधायक के नेतृत्व में हुए हमले को अत्यंत निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा कि सत्तारूढ दल के विधायक के नेतृत्व में जिस प्रकार शिक्षा विभाग के अधिकारी पर हमला हुआ है उसे किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता है।  

उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कानून और नियमों के दायरे में ही करते हैं। सत्ताधारी दल के विधायक के नेतृत्व में की गई ऐसी घटनाएँ सरकारी अधिकारियो के प्रशासनिक मनोबल को कमजोर करती हैं और समाज में गलत संदेश देती हैं। गणेश गोदियाल ने इन दोनों प्रकरणों पर दोशियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित किये जाने एवं अधिकारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की है।