- विशेष सत्र से पहले हुआ हंगामा, किसानों का मुद्दा गरमाया
- इकबालपुर शुगर मिल पर किसानों का 110 करोड़ रुपये बकाया
देहरादून। महिला आरक्षण पर बुलाए गए एक दिवसीय विशेष सत्र से पहले उत्तराखंड विधानसभा के बाहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब कांग्रेस विधायक वीरेन्द्र जाती ने गन्ने से भरी ट्रॉली मुख्य गेट पर पलट दी। इस दौरान किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
झबरेड़ा से कांग्रेस विधायक वीरेन्द्र जाती ट्रॉली में गन्ना भरकर विधानसभा पहुंचे और गेट के बाहर ही उसे पलट दिया। गन्ना सड़क पर फैलने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आवागमन भी प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत स्थिति संभाली और रास्ता साफ कराया।
विधानसभा के भीतर जहां महिला आरक्षण और महिलाओं के अधिकारों पर चर्चा चल रही थी, वहीं बाहर किसानों के मुद्दे ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया। कांग्रेस ने इसे किसानों की अनदेखी का प्रतीक बताया, जबकि सत्तापक्ष ने विरोध के इस तरीके पर सवाल उठाए।
वीरेन्द्र जाती ने कहा कि उनका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को बाधित करना नहीं, बल्कि किसानों की आवाज को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इकबालपुर शुगर मिल पर किसानों का करीब 110 करोड़ रुपये बकाया है, जिसका लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया।
विधायक के अनुसार, बार-बार मांग उठाने के बावजूद किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक बकाया भुगतान नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
Related
Assembly gate,sugarcane,Virendra Jati






