एनपीएस जागरूकता सत्र में एमएसएमई क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा पर चर्चा

एनपीएस जागरूकता सत्र में एमएसएमई क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा पर चर्चा



देहरादून। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) देहरादून चैप्टर की ओर से पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के सहयोग से राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) को लेकर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘एनपीएस- सामाजिक सुरक्षा और कार्यबल को बनाए रखने के माध्यम से एमएसएमई को मजबूत करना’ रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आयुष विभाग के निदेशक डॉ. आरपी सिंह रहे। इस अवसर पर आईआईए उत्तराखंड के स्टेट चेयरमैन तरुण गोयल, डिविजनल चेयरमैन अर्चित दावर और स्टेट सेक्रेटरी उदय नंदा सहित उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि एवं आईआईए के सदस्य मौजूद रहे।

जागरूकता सत्र के दौरान पीएफआरडीए के धृतिमान सरकार, एचडीएफसी सिक्योरिटीज के त्रिपुरारी सिंह, एसबीआई पेंशन फंड्स की रीमा परमार और एचडीएफसी पेंशन के विकास ने एनपीएस से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने एमएसएमई क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने और कर्मचारियों को दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराने में एनपीएस की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में इस बात पर भी चर्चा हुई कि कर्मचारियों के लिए बेहतर सामाजिक सुरक्षा और सेवानिवृत्ति संबंधी वित्तीय योजनाएं उपलब्ध कराना संस्थानों के लिए कार्यबल को लंबे समय तक बनाए रखने में सहायक हो सकता है। विशेषज्ञों ने एनपीएस की विशेषताओं, इसके संभावित लाभों और एमएसएमई क्षेत्र के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी साझा की।

इस अवसर पर आईआईए देहरादून चैप्टर के चेयरमैन अंशुमान गोयल, वाइस चेयरमैन सपन गुप्ता एवं पर्व मित्तल तथा कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ खंडेलवाल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उद्योग प्रतिनिधियों ने एनपीएस से संबंधित जानकारी प्राप्त की और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।







IIAl,MSME,NPS,PFRDA