मोदीपुरम से लक्ष्मणझूला तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, डीपीआर सर्वे जल्द
देहरादून। उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई उड़ान देने वाली एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम शुरू होने जा रहा है। मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) चलाने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लगातार प्रयासों के बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच इस परियोजना पर सहमति बन गई है। अब करीब 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित रेल कॉरिडोर की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार करने के लिए सर्वे शुरू किया जाएगा।
धामी की पहल लाई रंग
दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन इसी वर्ष फरवरी में शुरू हुआ था। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार इस हाईस्पीड सेवा को उत्तराखंड तक विस्तारित करने की मांग उठाते रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर प्रस्ताव भी सौंपा था। मुख्यमंत्री की पहल के बाद परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।
मेरठ से रुड़की, हरिद्वार होते हुए पहुंचेगी लक्ष्मणझूला
प्रस्तावित योजना के अनुसार नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह रुड़की, हरिद्वार और हर की पैड़ी होते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक जाएगा। प्रस्तावित 150 किलोमीटर लंबे ट्रैक में 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा।
दिल्ली से ऋषिकेश का सफर होगा महज ढाई से तीन घंटे में
वर्तमान में सड़क मार्ग से दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में पांच से छह घंटे तक का समय लगता है। लेकिन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली नमो भारत ट्रेन शुरू होने के बाद यह दूरी मात्र ढाई से तीन घंटे में पूरी की जा सकेगी। इससे न केवल तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को राहत मिलेगी, बल्कि दिल्ली-उत्तराखंड के बीच रोजाना यात्रा करने वालों को भी आधुनिक और तेज परिवहन सुविधा मिलेगी।
उत्तराखंड सरकार ने नियुक्त किया नोडल अधिकारी
परियोजना को गति देने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। एनसीआरटीसी भी अपना नोडल अधिकारी तय कर चुका है, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर सहमति जता दी है। अब सर्वे के बाद डीपीआर तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कनेक्टिविटी के साथ रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और एनसीआरटीसी के साथ लगातार समन्वय कर परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। बेहतर रेल और परिवहन अवसंरचना के माध्यम से राज्य में विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
एक नजर में परियोजना
परियोजना: मोदीपुरम (मेरठ) से लक्ष्मणझूला (ऋषिकेश) तक नमो भारत ट्रेन विस्तार
कुल लंबाई: 150 किमी
उत्तर प्रदेश में ट्रैक: 72 किमी
उत्तराखंड में ट्रैक: 78 किमी
अधिकतम रफ्तार: 160 किमी प्रति घंटा
यात्रा समय: दिल्ली से ऋषिकेश मात्र 2.5 से 3 घंटे
मुख्य स्टेशन: मोदीपुरम, मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार, ऋषिकेश, लक्ष्मणझूला
यह परियोजना साकार होने पर उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
Related
Delhi to Rishikesh,Metro






