4 अक्टूबर तक चलेगी प्रदर्शनी
देहरादून। परेड ग्राउंड में शुक्रवार से तीन दिवसीय आर्केक्स-द आर्किटेक्चरल एक्सपो का शुभारंभ हो गया। 2 से 4 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन, भवन निर्माण और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख ब्रांड, निर्माता, विशेषज्ञ और पेशेवर भाग ले रहे हैं। प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने किया।
उद्घाटन के बाद छोटी बच्चियों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति दी। इसके बाद अतिथियों का सम्मान किया गया तथा वास्तुकला, निर्माण, डिजाइन और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विषयों पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। विशेषज्ञों ने आधुनिक निर्माण तकनीकों, डिजाइन नवाचार, सतत विकास और उद्योग की चुनौतियों व संभावनाओं पर अपने विचार रखे।
प्रदर्शनी में टाइल्स एवं सिरेमिक, मार्बल एवं प्राकृतिक पत्थर, बाथ एवं सैनिटरी, दरवाजे-खिड़कियां, एल्युमिनियम एवं पीवीसी सिस्टम, ग्लास एवं रेलिंग, फ्लोरिंग, पेंट एवं कोटिंग, विद्युत समाधान, प्लंबिंग, किचन एवं बाथ समाधान, फर्नीचर तथा स्मार्ट होम ऑटोमेशन से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आगंतुकों को विभिन्न कंपनियों के उत्पादों और नई तकनीकों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल रही है।
आयोजकों के अनुसार, आर्किटेक्स केवल उत्पाद प्रदर्शनी नहीं बल्कि ज्ञान साझा करने, नेटवर्किंग और व्यावसायिक अवसरों का मंच भी है। प्रदर्शनी के साथ रेन्यूएक्स का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें अक्षय ऊर्जा और सौर ऊर्जा क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों को प्रदर्शित किया गया है।
कार्यक्रम में डीपी गैरोला, राहुल सक्सेना, गिरेन्द्र भारतीया, बीएस राणा, इंदर ढींगरा, डीके सिंह, विजय सिंह तोमर और राहुल देव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समापन पर सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान के लिए मीडिया कोऑर्डिनेटर किशोर रावत को भी सम्मानित किया गया।
Related
ArchEx Expo,Tirath singh rawat













