- विभिन्न समाजिक संगठनों ने डीजीपी को लिखा पत्रपत्र
- हिंदू रक्षा दल से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कराने की उठाई मांग
देहरादून। बीते अगस्त माह में राजधानी देहरादून के कारगी ग्रांट क्षेत्र में कथित तौर पर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर अभी तक कोई कार्रवाई न होने के चलते विभिन्न समाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इंसानियत मंच के बेनर तले पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र सौंपा है। मंच ने हिंदू रक्षा दल से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डीजीपी को दिए गए पत्र में कहा गया है कि कारगी क्षेत्र में हुई गतिविधियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हुआ है। मंच ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच करने का अनुरोध किया है। पत्र में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष ललित शर्मा और उसके साथ बयान बाजी करने वालों की संबंधित गतिविधियों, सार्वजनिक बयानों और उपलब्ध वीडियो सामग्री की जांच कराने की मांग की गई है। कहा गया है कि ललित शर्मा पर पहले से ही कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज है, मगर न तो गिरफ्तारी हो रही है और न ही कोई कार्रवाई की जा रही है।
इंसानियत मंच ने मांग की है कि मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। मंच ने प्रशासन से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील मामलों पर सतर्कता बरतने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने का अनुरोध किया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान कमला पंत, निर्मला बिष्ट, विमला, परमजीत सिंह कक्कड़, मोहम्मद दानिश, सरवर अहमद व एन. राघवेंद्र आदि उपस्थित रहे।
Related
communal,communal atmosphere,Insaniyat Manch













